Blog

  • मुजफ्फरनगर में हेलो टैक्सी के नाम पर दो लाख की ठगी, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

    मुजफ्फरनगर नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में निवेश के नाम पर दो लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    निवेश के नाम पर दिया बड़ा मुनाफे का लालचशिवपुरी कॉलोनी निवासी अनंत गुप्ता ने बताया कि उसकी पहचान तितावी क्षेत्र के गांव बुड़ीना खुर्द निवासी फरहत जावेद से थी। फरवरी 2024 में आरोपी ने खुद को एक टैक्सी कंपनी का अधिकृत एजेंट बताते हुए निवेश की योजना समझाई। उसने दावा किया कि कंपनी कार और बाइक खरीदकर उन्हें किराये पर चलाती है, जिससे सालाना 200 प्रतिशत तक मुनाफा होता है।

    किश्तों में लिए दो लाख रुपये
    पीड़ित ने बताया कि 7 मार्च 2024 को उसने 50 हजार रुपये की एक यूनिट खरीदी। इसके बाद फरवरी और मार्च 2025 में आरोपी ने और निवेश के लिए दबाव बनाया और कुल दो लाख रुपये अलग-अलग किश्तों में ले लिए। बदले में आरोपी ने बांड और सर्टिफिकेट दिए, जो बाद में फर्जी निकले।

    जांच में सामने आई सच्चाई
    1 अप्रैल 2025 को जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। संदेह होने पर पीड़ित ने सर्टिफिकेट पर दिए पते की जांच की, जहां इस नाम की कोई कंपनी नहीं मिली। शिकायत के बाद पुलिस जांच में आरोप सही पाए गए। बताया गया कि आरोपी ने पहले रुपये लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में धमकी देने लगा।

    पुलिस ने दर्ज किया मामला
    नई मंडी कोतवाली पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

    The post मुजफ्फरनगर में हेलो टैक्सी के नाम पर दो लाख की ठगी, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज appeared first on AAJ KI NEWS.

  • मुजफ्फरनगर में फांसी लगाकर युवक ने की आत्महत्या, पत्नी से विवाद के बाद उठाया कदम

    मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर के सिखेड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक ने पत्नी से विवाद के बाद जंगल में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

    मुजफ्फरनगर जिले के सिखेड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    पत्नी से विवाद के बाद घर छोड़कर गया
    जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 25 वर्षीय प्रिंस उर्फ बचन के रूप में हुई है, जो भंडूरा गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि युवक का अपनी पत्नी से शराब पीने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह रात में घर छोड़कर चला गया।

    जंगल में पेड़ से लटका मिला शव
    देर रात वह पास के गांव जट मुझेड़ा के जंगल में पहुंचा, जहां उसने पेड़ से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह के समय रास्ते से गुजर रहे एक युवक ने उसका शव पेड़ से लटका देखा और तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।

    पुलिस जांच में जुटी
    सूचना मिलते ही थाना सिखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर मोर्चरी भेज दिया। बाद में परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई गई। पुलिस का कहना है कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।

    The post मुजफ्फरनगर में फांसी लगाकर युवक ने की आत्महत्या, पत्नी से विवाद के बाद उठाया कदम appeared first on AAJ KI NEWS.

  • मुजफ्फरनगर में तड़तड़ाई पुलिस की गोलियां, मुठभेड़ में शातिर चोर गिरफ्तार

    मुजफ्फरनगर। सफेदा रोड पर ओवरब्रिज के पास शुक्रवार की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बदमाश चोरी का आरोपित था।

    इंस्पेक्टर दिनेशचंद्र बघेल ने बताया कि शुक्रवार की रात थाना पुलिस के साथ सफेदा रोड पर रात्रि गश्त कर रही है। ओवरब्रिज के पास एक संदिग्ध को खड़े देखा तो उसे चेकिंग के लिए रूकने को कहा। इस पर वह भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की। बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की।

    जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से शाहनवाज पुत्र नुरूद्दीन उर्फ मोइनुद्दीन समौली थाना दौराला हाल पता फतेलापुर लिसाड़ी गेट मेरठ घायल हो गया। उसे दबोच लिया गया। घायल बदमाश को सीएचसी पर भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

    पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पहले बदमाश ने अपने साथियों के साथ आवास-विकास कॉलोनी में शिक्षक कुलदीप शर्मा के मकान में चोरी की थी। बदमाश से चोरी की दो पाजेब, 15 हजार रुपये, तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है।

    पुलिस ने बताया कि बदमाश पर करीब आधा दर्जन मुकदमें दर्ज हैं। उसका अपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है। बदमाश वारदात करने की फिराक में खड़ा था। पुलिस हाल ही में एक साथी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था।

    The post मुजफ्फरनगर में तड़तड़ाई पुलिस की गोलियां, मुठभेड़ में शातिर चोर गिरफ्तार appeared first on AAJ KI NEWS.

  • जयपुर-दिल्ली हाईवे पर पढ़ी गई ईद-उल-फितर की नमाज, बड़ी संख्या में लोगों ने की सामूहिक इबादत

    राजस्थान की राजधानी जयपर में ईद उल फितर के अवसर पर शनिवार को जयपुर-दिल्ली हाईवे पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की। नमाज के दौरान बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हुए और धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से इबादत की। यह आयोजन राजस्थान में ईद के जश्न का हिस्सा रहा, जहां समुदाय के लोग सुबह से ही नमाज के लिए पहुंचे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे।

    जानकारी के मुताबिक, जयपुर में इस बार ईद का त्योहार सादगी और संवेदनशील माहौल में मनाया गया। शहर की ईदगाह, जामा मस्जिद सहित विभिन्न मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ी। ईदगाह में करीब एक लाख लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर अमन और भाईचारे का संदेश दिया। वहीं, ईरान पर हो रहे हमलों के विरोध में जयपुर, सीकर और अजमेर सहित राजस्थान के कई जिलों में प्रदर्शन देखने को मिला। शनिवार को लोगों ने काली पट्टी बांधकर ईद की नमाज अदा की और मस्जिदों पर काले झंडे लगाए। इस दौरान नमाज के बाद कई स्थानों पर अमेरिका और इस्राराइल के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने वैश्विक हालात पर चिंता जताते हुए शांति और न्याय की मांग की।

    फूलों की बारिश से स्वागत, दिखी एकता
    ईद के मौके पर खास नजारा तब देखने को मिला जब अन्य समुदाय के लोगों ने नमाजियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत किया। इस पहल ने सामाजिक सौहार्द और एकता की मिसाल पेश की, जिसे नमाजियों ने सराहा। हिंदू-मुस्लिम एकता समिति से जुड़े राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि समाज में कुछ लोग भेदभाव फैलाने की कोशिश करते हैं, जो सही नहीं है। उन्होंने संदेश देते हुए कहा कि “राम के बिना रमजान अधूरा है और ईद के बिना दिवाली”, इसलिए सभी धर्मों के लोगों को मिलकर रहना चाहिए और एकता को मजबूत करना चाहिए।

    सादगी के साथ मनाया त्योहार
    मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए कई लोगों ने ईद सादगी से मनाई। न नए कपड़े पहने गए और न ही पारंपरिक व्यंजन बड़े स्तर पर बनाए गए। लोगों ने इसे संवेदनशील समय में जिम्मेदार पहल बताया। पूरे शहर में ईद की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई और कहीं से कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई। प्रशासन ने इसे लेकर राहत जताई और लोगों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

    The post जयपुर-दिल्ली हाईवे पर पढ़ी गई ईद-उल-फितर की नमाज, बड़ी संख्या में लोगों ने की सामूहिक इबादत appeared first on AAJ KI NEWS.

  • राजस्थान CID की बड़ी कार्रवाई, 4 साल से फरार 50 हजार का इनामी बदमाश महाराष्ट्र से गिरफ्तार

    Rajasthan News: राजस्थान पुलिस की सीआईडी अपराध शाखा ने एक साहसिक ऑपरेशन को अंजाम देते हुए लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी को पकड़ लिया. यह कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध बिपिन कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चल रही विशेष मुहिम के तहत की गई.

    अहिल्यानगर से घेराबंदी कर दबोचा
    पुलिस टीम ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश महेश दिलीप दहले उर्फ चाचाजी उर्फ सरदारजी को महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से गिरफ्तार किया. आरोपी अपनी पहचान छुपाकर मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों में रह रहा था.

    खुफिया सूचना से खुला राज
    महानिरीक्षक हरेन्द्र कुमार महावर के सुपरविजन में गठित टीम को जोधपुर और फलोदी क्षेत्र में तैनात किया गया था. इसी दौरान हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह को पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा है. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी आधार पर लोकेशन ट्रैक कर जाल बिछाया.

    तपोवन रोड पर फिल्मी अंदाज में गिरफ्तारी
    आईजी जोधपुर रेंज सत्येन्द्र सिंह के समन्वय से फलोदी पुलिस भी ऑपरेशन में शामिल हुई. अहिल्यानगर के तपोवन रोड पर संदिग्ध दिखते ही पुलिस ने पीछा किया. आरोपी भागने लगा लेकिन पुलिस टीम ने दौड़कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपनी असली पहचान स्वीकार कर ली.

    2022 की घटना से जुड़ा है मामला
    यह पूरा मामला अप्रैल 2022 की एक बड़ी वारदात से जुड़ा है. उस समय फलोदी पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी की सूचना पर कार्रवाई की थी. बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की और गाड़ी से टक्कर मारकर जान लेने की कोशिश की. उस दौरान दो आरोपी पकड़े गए लेकिन महेश दहले फरार हो गया था.

    टीमवर्क से मिली कामयाबी
    इस ऑपरेशन में पुलिस की कई टीमों ने मिलकर काम किया. फील्ड और तकनीकी दोनों स्तर पर लगातार निगरानी रखी गई. आखिरकार चार साल बाद आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली. गिरफ्तार आरोपी को अब फलोदी पुलिस को सौंप दिया गया है जहां उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

    The post राजस्थान CID की बड़ी कार्रवाई, 4 साल से फरार 50 हजार का इनामी बदमाश महाराष्ट्र से गिरफ्तार appeared first on AAJ KI NEWS.

  • राजस्थान में गैस बुकिंग का नया नियम, जानिए अब कैसे होगी बुकिंग

    जयपुर. राजस्थान में रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ा बदलाव किया गया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने तेल-गैस कंपनियों को गैस सिलेंडर बुकिंग के नए सिस्टम को लागू करने के निर्देश जारी किए हैं।

    राजस्थान में रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ा बदलाव किया गया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने तेल-गैस कंपनियों को गैस सिलेंडर बुकिंग के नए सिस्टम को लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। इस नए नियम के तहत अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर बुक करते समय ओटीपी (OTP) के जरिए वेरिफिकेशन करना अनिवार्य होगा। विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से फर्जी बुकिंग पर रोक लगेगी और केवल वास्तविक उपभोक्ताओं को ही गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

    ऑनलाइन बुकिंग पर OTP अनिवार्य
    नए आदेश के अनुसार, यदि कोई उपभोक्ता मोबाइल एप या संबंधित तेल-गैस कंपनी की वेबसाइट के माध्यम से गैस सिलेंडर बुक करता है, तो उसके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाएगा। इस ओटीपी को दर्ज करने के बाद ही बुकिंग प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी। बिना वेरिफिकेशन के अब कोई भी ऑनलाइन बुकिंग स्वीकार नहीं की जाएगी।

    अन्य डिजिटल माध्यमों पर भी लागू नियम
    विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि उपभोक्ता फोन-पे, पेटीएम या अन्य यूपीआई आधारित माध्यमों से गैस बुकिंग करता है, तो वहां भी ओटीपी वेरिफिकेशन जरूरी होगा। यानी अब किसी भी इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से बुकिंग करने पर पहचान की पुष्टि अनिवार्य कर दी गई है। विभाग ने साफ कर दिया है कि इन तय माध्यमों के अलावा किसी अन्य तरीके से की गई बुकिंग मान्य नहीं होगी।

    फर्जी बुकिंग पर लगेगी रोक
    सरकार का कहना है कि इस नई प्रणाली का मुख्य उद्देश्य फर्जी और अनधिकृत बुकिंग को रोकना है। पहले कई मामलों में यह सामने आया था कि एजेंसी संचालक या अन्य लोग उपभोक्ताओं की जानकारी के बिना बुकिंग कर देते थे। अब ओटीपी वेरिफिकेशन लागू होने के बाद ऐसा करना मुश्किल हो जाएगा, क्योंकि हर बुकिंग के लिए उपभोक्ता की मंजूरी आवश्यक होगी।

    डिलीवरी के समय भी DAC जरूरी
    सिर्फ बुकिंग ही नहीं, बल्कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी के समय भी नए नियम लागू किए गए हैं। अब उपभोक्ता को डिलीवरी के वक्त डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) देना अनिवार्य होगा। यह कोड कंपनी की ओर से बुकिंग के बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा। डिलीवरी बॉय इस कोड के जरिए ही सिलेंडर की डिलीवरी को कन्फर्म करेगा।

    रिकॉर्ड में दर्ज होगा DAC
    नई व्यवस्था के तहत डिलीवरी बॉय को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे उपभोक्ता की पासबुक या गैस डायरी में DAC को अनिवार्य रूप से दर्ज करें। इससे डिलीवरी का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और किसी भी तरह के विवाद की स्थिति में इसका उपयोग किया जा सकेगा।

    सप्लाई व्यवस्था सुधारने की पहल
    खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने यह कदम देश में रसोई गैस की सप्लाई में आ रही दिक्कतों और किल्लत को ध्यान में रखते हुए उठाया है। विभाग का मानना है कि नई प्रणाली लागू होने के बाद गैस वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित हो जाएगी।

    उपभोक्ताओं को क्या करना होगा
    नए नियम के तहत उपभोक्ताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका मोबाइल नंबर गैस एजेंसी में सही तरीके से रजिस्टर्ड हो। बुकिंग के समय प्राप्त ओटीपी को सुरक्षित रखना होगा और डिलीवरी के समय प्राप्त DAC को डिलीवरी बॉय को देना होगा। इन प्रक्रियाओं का पालन किए बिना अब गैस बुकिंग और डिलीवरी संभव नहीं होगी।

    पारदर्शिता और सुरक्षा पर जोर
    कुल मिलाकर, राजस्थान सरकार का यह कदम गैस बुकिंग और वितरण प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे जहां उपभोक्ताओं को सही समय पर गैस उपलब्ध होने में मदद मिलेगी, वहीं अनियमितताओं पर भी प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

    The post राजस्थान में गैस बुकिंग का नया नियम, जानिए अब कैसे होगी बुकिंग appeared first on AAJ KI NEWS.

  • यूपी में 22 मार्च को भी बरसेंगे मेघ… मौसम विभाग ने इन जिलों में जारी किया अलर्ट

    UP Weather Update: मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के पूर्वी और तराई बेल्ट के जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 22 मार्च की सुबह 8:30 बजे तक प्रदेश के कई इलाकों में मौसम बिगड़ा रहेगा. इस दौरान न केवल बारिश की संभावना है, बल्कि बिजली गिरने (वज्रपात) और तेज झोंकेदार हवाएं चलने का भी अनुमान जताया गया है.

    इन जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना
    पूर्वांचल और मध्य यूपी: वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, सोनभद्र और चंदौली.

    तराई और आसपास के इलाके: श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, बस्ती और संतकबीरनगर.

    50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
    बारिश के साथ-साथ कई जिलों में तेज रफ्तार हवाएं भी कहर बरपा सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाएं झोंकों में 50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं.

    इन जिलों में विशेष अलर्ट है:
    सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर.

    The post यूपी में 22 मार्च को भी बरसेंगे मेघ… मौसम विभाग ने इन जिलों में जारी किया अलर्ट appeared first on AAJ KI NEWS.

  • फरसा वाले बाबा को टक्कर मारने वाले ट्रक ड्राइवर की मौत, कानपुर में पुलिस के डर से सुसाइड

    UP Top News Today: मथुरा में फरसा वाले बाबा के नाम से मशहूर चंद्रशेखर की वाहन से कुचलकर मौत के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। हालांकि, आरोप है कि गौ-तस्करों ने उन्हें वाहन से कुचलकर हत्या कर दी, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने दिल्ली-आगरा हाईवे जाम कर दिया। वहीं, मेरठ में ईदगाह फुल होने पर नमाजियों ने सड़क पर नमाज अदा करने की कोशिश की। सड़क पर नमाज से लोगों को पुलिस ने रोका। इसी बात को लेकर पुलिस और नमाजियों में नोकझोंक हुई।

    कानपुर में पुलिस के डर से युवक ने सुसाइड किया

    कानपुर के गोविंदनगर में किराये पर रहने वाले युवक ने पुलिस के डर से गुरुवार शाम को फंदा लगाकर जान दे दी। दरअसल, पड़ोस में किराये पर रहने वाली महिला से मोबाइल मांगने पर उसका विवाद हो गया था। महिला ने उसे पीटने के बाद पुलिस बुला ली, जिसे देखकर युवक डर गया और खुद को कमरे में बंद कर लिया। पुलिस बाहर खड़े होकर दरवाजा खटखटाती रही और युवक ने फांसी लगा ली।

     

    The post फरसा वाले बाबा को टक्कर मारने वाले ट्रक ड्राइवर की मौत, कानपुर में पुलिस के डर से सुसाइड appeared first on AAJ KI NEWS.

  • खौफनाक खबरः ईरान के न्यूक्लियर प्लांट पर हमला, रेडियोएक्टिव रिसाव पर बडी खबर

    वॉशिंगटन। अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज 22वां दिन है। ईरान के तसनीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, आज सुबह अमेरिका और इजराइल ने ईरान के नतांज न्यूक्लियर सेंटर पर हवाई हमला किया।

    रिपोर्ट में कहा गया है कि इस हमले में अभी तक किसी भी तरह का रेडियोएक्टिव (खतरनाक परमाणु) रिसाव नहीं हुआ है। इस इलाके के आसपास रहने वाले लोगों को कोई खतरा नहीं है।

    इजराइल और अमेरिका ने इससे पहले 2 मार्च को भी इस प्लांट पर हमला किया था। यह ईरान का सबसे बड़ा न्यूक्लियर सेंटर है, यहां यूरेनियम इनरिचमेंट किया जाता है।

    इसकी एक खास बात यह है कि इसका बड़ा हिस्सा जमीन के नीचे बना हुआ है। ऐसा इसलिए किया गया है ताकि किसी हमले से इसे बचाया जा सके।

    The post खौफनाक खबरः ईरान के न्यूक्लियर प्लांट पर हमला, रेडियोएक्टिव रिसाव पर बडी खबर appeared first on AAJ KI NEWS.

  • रातभर पत्नी की लाश के साथ रहा पति, सुबह भाभी से हंफते हुए बोला, अब…

    हरियाणा के कैथल शहर के चंदाना गेट की वाल्मीकि बस्ती में नशेड़ी पति अरुण ने अपनी करीब 32 वर्षीय पत्नी शालू की रात को गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्यारोपी ने सुबह करीब 11-12 बजे के आसपास उठकर अपनी भाभी को बताया कि मैंने उसको मार दिया और ये बता कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद परिजनों ने कमरे में देखा तो शालू मृत अवस्था में बेड पर पड़ी थी।

    नशे में की पत्नी की हत्या
    सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंची। हत्यारोपी की भाभी दामिनी के अनुसार दोनों की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और दोनों के दो छोटे बच्चे हैं। उसकी देवरानी शालू बठिंडा की रहने वाली थी। आरोप है कि अरुण नशे का आदी था और हर रोज नशा करके घर आता था। रात को भी वो ऐसे ही आया और पत्नी से झगड़ने लगा। इस दौरान नशे में उसने रात को शालू की गला घोंटकर हत्या कर दी और सुबह उठकर बताया। इसके बाद वहां से भाग गया।

    हांफते हुए आया, बोला मैंने मार दिया, संभाल लेना
    आरोपी की भाभी ने बताया कि शनिवार दोपहर वो अपने कमरे में सो रही थी। इस दौरान उसकी देवरानी शालू और देवर अरुण अपने कमरे में मौजूद थे। अचानक अरुण उनके पास हांफते हुए आया और बोला कि उसने पत्नी को मार दिया है, संभाल लेना। इतना कहते ही वह घर से भाग गया। जब वे कमरे में पहुंचे तो पाया कि शालू बैड पर मृत पड़ी हुई थी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। फोरेंसिक टीम भी मौके पर तथ्य जुटाने में लग गई। हत्या का कारण अभी सामने नहीं आया है। हालांकि, पुलिस इसके पीछे घरेलू कलह बता रही है।

    पुलिस किया मामला दर्ज
    शहर थाना एसएचओ गीता ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

    The post रातभर पत्नी की लाश के साथ रहा पति, सुबह भाभी से हंफते हुए बोला, अब… appeared first on AAJ KI NEWS.